रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया तेज है. मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए चल रहे दावा-आपत्ति चरण की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी गई है. पहले यह समय सीमा 15 सितंबर थी, लेकिन अब पात्र नागरिकों को 30 सितंबर 2026 तक आवेदन करने का मौका मिलेगा. भारत निर्वाचन आयोग ने इसे दूसरी और अंतिम बार बढ़ाया है. ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे इस अतिरिक्त समय का लाभ उठाकर जल्द अपना नाम दर्ज करा सकते हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, अलग-अलग स्टेकहोल्डर से मिले अनुरोध और SIR के तहत लगातार प्राप्त हो रहे फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 को देखते हुए समय सीमा बढ़ाने का फैसला लिया गया है. जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है, वे 30 सितंबर तक ECINET के माध्यम से या अपने संबंधित BLO से संपर्क कर फॉर्म-6 और जरूरी घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं. वहीं, मतदाता सूची में नाम हटाने के लिए निर्धारित आधार पर फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार और मतदान केंद्र से संबंधित बदलाव के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है.
बता दें, SIR के तहत आवेदन प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अब तक फॉर्म-6 के जरिए 4,86,783 आवेदन प्राप्त हुए हैं. फॉर्म-6A के जरिए 87, फॉर्म-7 के जरिए 5,689 आवेदन या आपत्तियां और फॉर्म-8 के जरिए 3,11,770 आवेदन प्राप्त हुए हैं. ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, उनके पास अब 30 सितंबर तक का मौका है. खासकर वे भारतीय नागरिक जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और पात्रता पूरी करते हैं, उन्हें समय रहते फॉर्म-6 भरना चाहिए. निर्वाचन विभाग ने भी लोगों से अंतिम तारीख का इंतजार न करने की अपील की है, ताकि आवेदन में किसी तरह की परेशानी न हो.
