बक्सर नगर परिषद के वार्ड नंबर 16 में नए परिसीमन को लेकर सियासत तेज हो गई है. वार्ड में नगर परिषद की ओर से कराई गई मापी के बाद स्थानीय लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है. लोगों का कहना है कि आखिर मापी किस आधार पर की जा रही है और क्या वार्ड का नया परिसीमन होने वाला है. इसी मुद्दे को लेकर बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने वार्ड 16 में प्रेस वार्ता कर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.
दरअसल, वार्ड नंबर 16 में नगर परिषद की टीम द्वारा मापी कराई गई थी. जब स्थानीय लोगों ने इसका कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि वार्ड का नया परिसीमन किया जाना है. इसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से उन्हें परेशानी हो रही है.
मामले को लेकर पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने नगर परिषद से चार सवालों का जवाब मांगा है. उन्होंने पूछा कि क्या नए परिसीमन के लिए किसी कमेटी का गठन किया गया है? अगर कमेटी बनी है तो उसकी अध्यक्षता कौन कर रहा है और इसमें कितने सदस्य हैं? उन्होंने यह भी सवाल किया कि परिसीमन के लिए कितनी जनसंख्या को आधार बनाया गया है और शहर की मैपिंग एवं चौहद्दी निर्धारण किस आधार पर किया जा रहा है.
पूर्व विधायक ने कहा कि सक्षम पदाधिकारियों को मीडिया के माध्यम से इन सवालों का जवाब देना चाहिए, ताकि जनता के बीच बना भ्रम दूर हो सके. वहीं, वार्ड 16 के पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने भी मापी के बाद लोगों में भ्रम की बात कही. उनका आरोप है कि लोगों को बार-बार जन्म, मृत्यु और पहचान पत्र जैसे दस्तावेजों में पता बदलवाने को लेकर भाग-दौड़ करनी पड़ रही है.
