रामगढ़: जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सयाल मंगला हार्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीसीएल कर्मी गणेश मुंडा की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने भुरकुंडा-सयाल-बड़कागांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
जानकारी के अनुसार, सौंदा बस्ती निवासी सीसीएल कर्मी गणेश मुंडा अपनी डिस्कवर बाइक पर एक साथी के साथ उरीमारी-सयाल की ओर से अपने घर लौट रहे थे.इसी दौरान सयाल मंगला हार्ट के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि गणेश मुंडा सड़क पर गिर पड़े और हाइवा का चक्का उनके सिर पर चढ़ गया. इस दर्दनाक हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति घायल हो गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विधि-व्यवस्था संभालने और लोगों को शांत कराने का प्रयास शुरू किया.
