साहिबगंज.जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी कोदर जन्ना नया टोला में बीते रात्रि बाढ़ के पानी में डूबने से 60 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत हो गई.बताया गया कि बाढ़ के पानी से घर घिरा हुआ था.रात में शौचालय जाने के लिए पुष्पा देवी अकेले घर से बाहर निकलीं,इसी दौरान गहरे पानी में डूब गईं.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसआई अखिलेश कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.मृतका अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियां छोड़ गई हैं.घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
वहीं साहिबगंज सदर प्रखंड के कई ग्रामीण इलाके लगातार बाढ़ की चपेट में हैं.पिछले पांच दिनों में बाढ़ के पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह वर्षीय कंचन कुमारी अब भी लापता है.लगातार हो रही घटनाओं से बाढ़ प्रभावित इलाकों में दहशत का माहौल है.
