चास अंचल कार्यालय में आज उस वक्त विवाद हो गया, जब जमीन विवाद से जुड़े मामले में जानकारी लेने पहुंचे बीजूलिया गांव के कुछ युवकों और चास अंचल अधिकारी के बीच नोकझोंक हो गई. युवकों ने अंचल अधिकारी पर काम के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया है. वहीं, अंचल अधिकारी की ओर से युवकों पर कार्यालय में जबरन घुसकर डराने-धमकाने, धक्का-मुक्की करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है. मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं.
बताया जा रहा है कि बीजूलिया गांव के कुछ युवक जमीन विवाद से जुड़े मामले को लेकर चास अंचल कार्यालय पहुंचे थे. युवकों का कहना है कि उन्होंने जमीन विवाद को लेकर डीसी के जनता दरबार में आवेदन दिया था. डीसी कार्यालय से शिकायत पत्र ई-मेल के माध्यम से चास अंचल अधिकारी को भेजा गया था. इसी मामले की जानकारी लेने युवक अंचल कार्यालय पहुंचे थे.
युवकों के मुताबिक, अंचल अधिकारी सेवाराम साहू ने व्यस्त होने की बात कहते हुए मामले पर बाद में काम करने की बात कही. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई. युवकों का आरोप है कि उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने के दौरान विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई. युवकों ने काम के बदले पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है.
वहीं, इस पूरे मामले में चास अंचल अधिकारी सेवाराम साहू की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है. आवेदन के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोग जबरन उनके कार्यालय कक्ष में घुस गए और उन्हें डराने-धमकाने लगे. उन्हें रोकने के दौरान धक्का-मुक्की कर आहत करने का प्रयास किया गया.
अंचल अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्यालय में तैनात गृह रक्षक जवानों के साथ बकझक की गई और उनके कार्यालय कक्ष का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया गया. इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR समेत अन्य सरकारी कार्यों में बाधा डालने की कोशिश की गई.
मामले में अंचल अधिकारी ने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.
अंचल अधिकारी ने डीसी कार्यालय से मामले के संबंध में मुलाकात किए जाने की बात भी कही है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कार्यालय में हुए विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ था.
