देवघर: देवघर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को कार्बाइन मशीन गन के साथ गिरफ्तार किया है. कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा.उसके पास से एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि कोरियासा मैदान के आसपास अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की. इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.तलाशी लेने पर उसके पास से कार्बाइन, दो मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज कुमार सिंह, निवासी रोहिणी, परमेश्वर चौक, जसीडीह के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, सूरज का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है.
पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम जानकारी मिली है.आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह बिहार के मुंगेर जिले से अवैध हथियार खरीदकर देवघर में उसकी बिक्री करता था. इसके बाद पुलिस ने हथियारों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए उससे पूछताछ की.
मामले में कुंडा थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज किया गया है और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कार्बाइन मुंगेर में किससे खरीदी गई थी और इस अवैध हथियार कारोबार से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
