रांची: एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली झारखंड की खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.
मुख्यमंत्री से मिलने वाली खिलाड़ियों में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग शामिल रहीं. मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से एशियन गेम्स की तैयारियों, मुकाबलों के अनुभव और उनके प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी ली.
हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि झारखंड की बेटियों का एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनना पूरे राज्य और देश के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और अदम्य जज्बे के दम पर देश का नाम रोशन किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है. उनकी उपलब्धि राज्य की युवा पीढ़ी और खासकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह, लगन और समर्पण के साथ देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं.
मौके पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच-सह-सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद भी मौजूद रहे.
