जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचे. दोनों ने टेल्को के घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के आवास पर पहुंचकर दिवंगत सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हेलीकॉप्टर से सीधे जमशेदपुर पहुंचे. आवास पर पहुंचते ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनके परिजनों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने स्वर्गीय सायरा मुंडा की तस्वीर पर फूल-माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस दौरान दोनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

इस मौके पर कई अन्य विधायक भी मौजूद रहे. सभी ने सायरा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद मुख्यमंत्री, कल्पना सोरेन और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अर्जुन मुंडा तथा उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. सभी ने इस दुख की घड़ी में परिवार का हौसला बढ़ाया और उन्हें सांत्वना दी.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा झारखंड अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के साथ खड़ा है. मुलाकात के दौरान दोनों परिवारों के बीच संवेदनाओं का आदान-प्रदान हुआ. राजनीतिक मतभेदों से परे इस मुलाकात ने मानवीय संवेदना और आपसी सम्मान का संदेश दिया. सायरा मुंडा के निधन से अर्जुन मुंडा के परिवार में शोक का माहौल है. मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन की इस मुलाकात को दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा
