बाहुबली विधायक की बेटी की शादी में पत्तल बांट रहे थे जवान, अब हो गए लाइन हाजिर, वीडियो वायरल

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 27, 2026

 पटना में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है. यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात एक होमगार्ड जवान समारोह में वर्दी पहनकर मेहमानों के बीच पत्तल बांटता नजर आया. 

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है. यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात एक होमगार्ड जवान समारोह में वर्दी पहनकर मेहमानों के बीच पत्तल बांटता नजर आया. जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है. ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने संबंधित जवान को लाइन हाजिर कर दिया है.

Image

वायरल वीडियो की जांच के दौरान होमगार्ड जवान की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई. जानकारी के मुताबिक, उसकी तैनाती शादी समारोह के पास मुख्य सड़क पर की गई थी. उसे वहां यातायात को व्यवस्थित रखने और सड़क पर आवागमन सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. हालांकि, जवान अपनी निर्धारित ड्यूटी छोड़कर शादी समारोह में पत्तल बांटने में लगा हुआ था. इसी दौरान किसी ने उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

 

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया. ट्रैफिक एसपी ने जवान को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए यातायात ड्यूटी से हटा दिया है. साथ ही उससे पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है. पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और जिम्मेदारी में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा. जांच और स्पष्टीकरण के आधार पर जवान के खिलाफ आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है.