चतरा(CHATRA): जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के उड़सू गांव में रविवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैला दी. चंद्रगुप्त कोल परियोजना में उत्खनन कार्य कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय को निशाना बनाते हुए करीब आठ राउंड हवाई फायरिंग की गई. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कार्यालय के आसपास मौजूद कर्मचारियों व ग्रामीणों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 2:25 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश अपराधी कंपनी के कार्यालय के बाहर पहुंचे. परिसर में पहुंचते ही उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. फायरिंग के बाद अपराधी टंडवा मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
जिस स्थान पर फायरिंग की घटना हुई, वहां कंपनी का कार्यालय एक निजी मकान के परिसर में संचालित हो रहा था. यह मकान स्थानीय निवासी जीवन दास का बताया जा रहा है. जीवन दास खुद बाहर रहते हैं, जबकि मकान के एक हिस्से में उनके बुजुर्ग माता-पिता और छोटा भाई रहते हैं. परिसर के बाकी हिस्से को सुशी इंफ्रा कंपनी ने पिछले करीब तीन-चार वर्षों से किराए पर लेकर अपना कार्यालय बनाया हुआ है. इसी कार्यालय से कंपनी के जीएम आर.एस. यादव की देखरेख में चंद्रगुप्त कोल परियोजना से जुड़े उत्खनन कार्य का संचालन किया जा रहा था. फायरिंग की घटना के बाद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया. बताया गया है कि इस वारदात की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग की ओर से ली गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से करीब सात से आठ खोखे बरामद किए हैं. इसके बाद साक्ष्यों को सुरक्षित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में मामला लेवी या क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने की कोशिश से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. दिनदहाड़े कंपनी कार्यालय पर हुई फायरिंग ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस अपराधियों तक पहुंचने और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है.
रिपोर्ट: संतोष कुमार,चतरा
