देवघर में प्रेम मंदिर की तर्ज पर बना बिलासी दुर्गा पूजा पंडाल, उद्घाटन के साथ उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 16, 2026

शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर देवघर जिले में उत्साह का माहौल है. जिलेभर में सैकड़ों पूजा पंडालों का निर्माण कराया गया है, जहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. वहीं, शहर के ऊपर बिलासी स्थित बिलासी दुर्गा पूजा समिति का पंडाल इस वर्ष भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है

देवघर: शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर देवघर जिले में उत्साह का माहौल है. जिलेभर में सैकड़ों पूजा पंडालों का निर्माण कराया गया है, जहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. वहीं, शहर के ऊपर बिलासी स्थित बिलासी दुर्गा पूजा समिति का पंडाल इस वर्ष भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. पिछले कई वर्षों से अपनी भव्यता और आकर्षक सजावट के लिए पहचान बनाने वाला यह पूजा पंडाल न केवल देवघर, बल्कि संताल परगना क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान रखता है.

इस वर्ष समिति की ओर से प्रेम मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है. करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट की गई है. पंडाल की भव्य संरचना के साथ आकर्षक विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठता है, जिससे पंडाल की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है.

इस पूजा पंडाल की सबसे खास बात यह है कि मां दुर्गा की प्रतिमा से लेकर पंडाल निर्माण और विद्युत सज्जा तक में स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्राथमिकता दी गई है. समिति ने लोकल फॉर वोकल की भावना को अपनाते हुए स्थानीय कारीगरों और कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर दिया है. इससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ क्षेत्र की कला और संस्कृति को भी बढ़ावा मिल रहा है.

 

पूजा पंडाल का उद्घाटन प्रसिद्ध समाजसेवी एवं बिलासी दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक सुनील खवाड़े ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समिति ने कम समय में भव्य पंडाल तैयार कर प्रमंडल ही नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का प्रयास किया है. उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों और स्थानीय कलाकारों के योगदान की सराहना की.

उद्घाटन के बाद से ही पंडाल में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. आकर्षक सजावट और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. बिलासी दुर्गा पूजा समिति का यह आयोजन इस वर्ष भी भक्तों के बीच विशेष आकर्षण बना हुआ है.