रांची में प्रॉपर्टी की सबसे बड़ी डील, 375 करोड़ में बिकी न्यूक्लियस माल, जानिए किसने बेची और किसने खरीदी ये महंगी प्रॉपर्टी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 21, 2026

 राजधानी से ऐसी खबर सामने आई जिससे सबको हैरान कर दिया है. रांची के रियल एस्टेट बाजार में न्यूक्लियस मॉल की 375 करोड़ रुपये में हुई बिक्री ने कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है. सर्कुलर रोड स्थित शहर के इस चर्चित मॉल की रजिस्ट्री शुक्रवार यानी 20 नवंबर को पूरी हो गई. 

रांची (RANCHI): राजधानी से ऐसी खबर सामने आई जिससे सबको हैरान कर दिया है. रांची के रियल एस्टेट बाजार में न्यूक्लियस मॉल की 375 करोड़ रुपये में हुई बिक्री ने कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है. सर्कुलर रोड स्थित शहर के इस चर्चित मॉल की रजिस्ट्री शुक्रवार यानी 20 नवंबर को पूरी हो गई. इसे झारखंड के रियल एस्टेट इतिहास की बड़ी डील में शामिल माना जा रहा है. मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने संपत्ति की रजिस्ट्री वीए डिस्क्रीट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विवेक कुमार सिंह की कंपनी के नाम कर दी है. हालांकि, सौदा पूरा होने के बावजूद नया खरीदार फिलहाल मॉल का तत्काल कब्जा नहीं लेगा. बैंकिंग और अन्य प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद 31 मार्च 2027 के बाद मॉल का हैंडओवर होने की संभावना है. यानी मालिकाना हक बदलने के बाद भी कुछ समय तक मॉल का संचालन पुराने व्यवस्था के तहत जारी रह सकता है.

रजिस्ट्री से सरकार को मिला 26.25 करोड़ रुपये का राजस्व

रांची जिला निबंधन कार्यालय में शुक्रवार को 375 करोड़ रुपये के सौदे की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी की गई. खरीदार पक्ष की ओर से 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क जमा किए गए. इस तरह रजिस्ट्री के जरिए राज्य सरकार को कुल 26.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. करीब 1.60 एकड़ जमीन पर बने इस मॉल के स्वामित्व में बदलाव के साथ रांची के प्रॉपर्टी बाजार में भी इस सौदे की चर्चा तेज हो गई है.

धनबाद के कारोबारी विवेक कुमार सिंह की कंपनी ने खरीदा मॉल

न्यूक्लियस मॉल के नए खरीदार विवेक कुमार सिंह वीए डिस्क्रीट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं. कारोबारी चर्चाओं के मुताबिक, उन्हें धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह का करीबी रिश्तेदार बताया जाता है. इस सौदे के बाद मॉल का मालिकाना हक नई कंपनी के नाम हो गया है, लेकिन वास्तविक कब्जे और संचालन में बदलाव के लिए अभी बैंकिंग और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होनी बाकी हैं.

2017 में शुरू हुआ था न्यूक्लियस मॉल

लालपुर के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल का निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था. यहां 12 फरवरी 2017 को व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं. धीरे-धीरे यह मॉल राजधानी के प्रमुख शॉपिंग, मनोरंजन और खान-पान केंद्रों में शामिल हो गया. वर्तमान में परिसर में 88 दुकानें और 29 कियोस्क संचालित हैं, जहां कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के शोरूम मौजूद हैं. करीब एक दशक में न्यूक्लियस मॉल ने रांची के खुदरा कारोबार में अपनी अलग पहचान बनाई है. अब 375 करोड़ रुपये की बिक्री और आगामी हैंडओवर को लेकर कारोबारी जगत की नजर मॉल के भविष्य पर टिकी है.

कौन हैं एलबी सिंह

धनबाद के एलबी सिंह को कोयला खनन और आउटसोर्सिंग कारोबार से जुड़े प्रमुख व्यवसायियों में गिना जाता है. उनका नाम बीसीसीएल के ठेकों और कोयला कारोबार को लेकर चर्चा में रहा है. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले एलबी सिंह वर्ष 2011 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब आयकर विभाग ने बैंक ऑफ इंडिया की झरिया स्थित एना शाखा में उनके और परिजनों के नाम पर जमा करीब 100 करोड़ रुपये की राशि जब्त की थी. बाद में इस मामले में सीबीआई ने भी जांच की थी. उनकी कंपनी देवप्रभा को बीसीसीएल से मिले ठेकों और भुगतान में कथित अनियमितताओं की जांच भी हुई. इसके अलावा, एलबी सिंह और उनसे जुड़े लोगों के कारोबारी मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच की जानकारी सामने आती रही है. नवंबर 2025 में उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी, मार्च 2026 में पूछताछ और जुलाई 2026 में दोबारा कार्रवाई की बात सामने आई थी. इन कार्रवाइयों के दौरान करीब 1.02 करोड़ रुपये की जब्ती और लगभग 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश फ्रीज किए जाने की जानकारी दी गई थी.

 

न्यूक्लियस मॉल की बिक्री के बाद रांची के रियल एस्टेट बाजार में इस सौदे को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, नए मालिक को मॉल का वास्तविक कब्जा 31 मार्च 2027 के बाद मिलने की बात सामने आई है. ऐसे में आने वाले महीनों में मॉल के संचालन, प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं पर सभी की नजर रहेगी.