हजारीबाग(HAZARIBAGH): राहुल दुबे गैंग के सदस्य और होटल एके इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी के मामले में आरोपी तुषार मिश्रा ने पुलिस रिमांड के दौरान भागने का प्रयास किया. हालांकि, सुरक्षा बलों की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया. इस दौरान आरोपी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि उसे पकड़ने की कोशिश में हजारीबाग पुलिस का एक जवान भी घायल हो गया. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 के अभियुक्त तुषार मिश्रा को पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाया जा रहा था. इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिस वाहन से उतरते ही अचानक भागने का प्रयास किया. हालांकि, साथ चल रहे सुरक्षा बलों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. इस दौरान हुई धर-पकड़ में तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट आई. वहीं, उसे पकड़ने के दौरान एक पुलिस जवान भी घायल हो गया. देर रात उपचार के लिए दोनों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग लाया गया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कप्तान अमन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की.
मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी अमन कुमार ने बताया कि तुषार मिश्रा हजारीबाग के मतवारी स्थित एके इंटरनेशनल होटल में हुई फायरिंग की घटना का अभियुक्त है. वह राहुल दुबे गैंग का सदस्य है और होटल पर गोलीबारी की पूरी प्लानिंग उसी ने की थी. एसपी के अनुसार, जेल में रहने के दौरान भी उसने फायरिंग की योजना बनाई थी और अब उसी योजना के तहत हजारीबाग में अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है.
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में तुषार मिश्रा ने होटल फायरिंग की घटनाओं के पीछे अपनी प्लानिंग होने की बात बताई है. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ करेगी, ताकि गोलीबारी की घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट- शेखर सिंह
