धनबाद(DHANBAD):2004 में गैंगस्टर फहीम खान के घर पर एके 47 से हुए हमले के मामले में तीनों दोषियों को उम्र कैद सजा दी गई है. जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय की कोर्ट ने सोमवार को इस मामले में फहीम खान के जानी दुश्मन साबिर आलम के भाई शाहिद आलम ,शहादत हुसैन एवं पटना के शूटर तनवीर आलम को दोषी करार दिया था. शनिवार को सजा बिंदु पर सुनवाई हुई.
2004 में गैंगस्टर फहीम खान पर बड़ा हमला हुआ था. जानकार बताते हैं कि यह पहला मौका था, जब धनबाद शहर में एक साथ कई एके-47 से गोलियां चली थी. फहीम खान की किसी तरह जान बची थी.बताते हैं कि हमले में फहीम खान के बॉडीगार्ड बिहार का रहने वाले की मौत हो गई थी. फहीम खान का एक रिश्तेदार भी इसमें घायल हो गया था.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने भाग रहे अपराधियों की मारुति वैन और बोलेरो का पीछा किया था. जानकार बताते हैं कि धनबाद के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पटना के एक शूटर की भी मौत हो गई थी. घटना के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने फहीम से उसका फर्द बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया था. सुनवाई के दौरान कई आरोपियों की मौत हो गई थी. लोग यह भी बताते हैं कि फहीम खान के जानी दुश्मन साबिर आलम के फरार चलने के कारण उसकी गैर मौजूदगी में ट्रायल चला था.
