चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर धधकती पहुंची कोयला लदी मालगाड़ी, रेलकर्मियों में मची अफरातफरी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 13, 2026

दक्षिण-पूर्वी रेलवे के खड़गपुर मंडल अंतर्गत चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब कोयला लदी एक मालगाड़ी आग की लपटों और धुएं के साथ स्टेशन पहुंची. 

चाकुलिया. दक्षिण-पूर्वी रेलवे के खड़गपुर मंडल अंतर्गत चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब कोयला लदी एक मालगाड़ी आग की लपटों और धुएं के साथ स्टेशन पहुंची. मालगाड़ी के डिब्बों से निकलता धुआं देखकर स्टेशन पर मौजूद रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में रेल कर्मचारियों ने स्थिति को संभालते हुए मालगाड़ी को प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर रोक दिया.

ट्रेन के रुकते ही आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई. रेल कर्मचारियों ने तत्काल पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया. घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे की दमकल वाहिनी को भी मौके पर बुलाया गया. हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही रेल कर्मचारियों की तत्परता और लगातार पानी की बौछार के कारण आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था.

समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया. अगर आग मालगाड़ी के दूसरे डिब्बों तक फैल जाती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है.

गौरतलब है कि चाकुलिया स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है. करीब दो महीने पहले भी इसी तरह कोयला लदी एक ट्रेन के डिब्बों से धुआं निकलता देखा गया था. उस समय भी रेलकर्मियों और दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया था.

रिपोर्ट: अरुण बारीक