बड़ी खबर: रामगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, स्पीड पोस्ट से आई चिट्ठी के बाद हाई अलर्ट

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 22, 2026

रामगढ़ जिले में स्थित व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. यह धमकी स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी गई एक चिट्ठी के जरिए दी गई है. बताया जा रहा है कि यह पत्र प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम भेजा गया था. चिट्ठी बांग्ला भाषा में लिखी गई है, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. यह धमकी स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी गई एक चिट्ठी के जरिए दी गई है. बताया जा रहा है कि यह पत्र प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम भेजा गया था. चिट्ठी बांग्ला भाषा में लिखी गई है, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

धमकी मिलने की सूचना मिलते ही रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया. कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाते हुए मंगलवार रात से ही सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया. बुधवार सुबह भी पुलिस ने पूरे न्यायालय परिसर की दोबारा गहन जांच की.

रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे और पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड तथा मेटल डिटेक्टर की मदद से कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली. सुरक्षा एजेंसियों ने भवन के अंदर और बाहर सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की, लेकिन फिलहाल कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है.

एहतियात के तौर पर व्यवहार न्यायालय परिसर को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. कोर्ट में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत कर दिया गया है. पुलिस धमकी भरे पत्र की जांच के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्ठी किसने भेजी और इसके पीछे की मंशा क्या थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.