गढ़वा: क्रशर प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, भाजपा विधायक से लगाई न्याय की गुहार

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 22, 2026

रंका प्रखंड क्षेत्र में संचालित क्रशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है. पिंडरा गांव के लोगों ने भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी को गांव बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और न्याय की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि गासेदाग गांव में संचालित तारा कंस्ट्रक्शन के क्रशर प्लांट और माइनिंग गतिविधियों के कारण उनका जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. क्रशर से उड़ने वाली धूल और लगातार होने वाली ब्लास्टिंग से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है

गढ़वा (GARHWA): जिले के रंका प्रखंड क्षेत्र में संचालित क्रशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है. पिंडरा गांव के लोगों ने भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी को गांव बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और न्याय की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि गासेदाग गांव में संचालित तारा कंस्ट्रक्शन के क्रशर प्लांट और माइनिंग गतिविधियों के कारण उनका जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. क्रशर से उड़ने वाली धूल और लगातार होने वाली ब्लास्टिंग से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, जबकि खेती-किसानी भी संकट में पड़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट के पास सिंचित भूमि के ऊपर बांध बना दिए जाने से करीब एक दर्जन किसानों की लगभग 50 एकड़ जमीन में पानी भर गया है, जिससे खेती करना मुश्किल हो गया है. लोगों का कहना है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो उन्हें पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान की मांग करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं. राहुल दयाल और दशरथ राम ने 20 जुलाई को रंका थाना में लिखित शिकायत देकर जान से मारने और घर से उठा लेने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है. ग्रामीण राहुल दयाल, रामेश्वर सिंह, सुरेंद्र राम, संजय राम सहित अन्य लोगों ने विधायक को बताया कि खेतों में पानी जमा होने के कारण खेती पूरी तरह प्रभावित हो गई है. उनका कहना है कि जब क्रशर संचालक से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने समस्या का समाधान करने के बजाय धमकी देना शुरू कर दिया. इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर राहत दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मामले को गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और इस संबंध में उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक से बातचीत की जाएगी. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा. विधायक ने आरोप लगाया कि रंका और रमकंडा प्रखंड में कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर क्रशर प्लांटों को एनओसी दी गई है, जिसका खामियाजा स्थानीय लोग भुगत रहे हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने, अवैध क्रशर संचालन पर रोक लगाने और प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने की मांग की.