जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारी तेज, 40 CCTV, 4 ड्रोन और 2 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

 

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 5, 2026

राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. प्रशासन और मेला समिति श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं. मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं.

रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. प्रशासन और मेला समिति श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं. मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं. रथ को आकर्षक रूप देने के लिए रंगाई-पुताई का कार्य जारी है, जबकि मंदिर और मेला परिसर की विशेष सजावट 10 जुलाई के बाद शुरू की जाएगी.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस बार मेले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पूरे मेला परिसर में 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी. इसके अलावा चार ड्रोन कैमरों के जरिए मेले की गतिविधियों और भीड़ पर नजर रखी जाएगी. पांच वॉच टॉवर भी बनाए जा रहे हैं, जहां से सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी करेंगे.

भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए सात प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था में लगभग दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी. इनके अलावा 100 निजी सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक और 50 बाउंसर भी मेले में व्यवस्था संभालेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

इस वर्ष जगन्नाथपुर रथ मेले में 1000 से 1500 दुकानों के लगने की संभावना है. मनोरंजन के लिए करीब 30 प्रकार के बड़े झूले लगाए जाएंगे. इनमें 360 डिग्री राइड, जंगल सफारी, स्क्रीम टॉवर, भूत बंगला और डबल डेकर 'मौत का कुआं' प्रमुख आकर्षण होंगे, जो बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेंगे.

प्रशासन ने इस बार मेले में पशु-पक्षियों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्थित आयोजन के साथ इस बार का जगन्नाथपुर रथ मेला श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा.