हिमांशु सिंह हत्याकांड पर आदित्यपुर में बंद का व्यापक असर

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 3, 2026

:हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा के आह्वान पर शुक्रवार को आदित्यपुर में बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है.जहां भाजपा आरआईटी मंडल के अध्यक्ष अभिषेक विशाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुबह सात बजे से ही सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने का अभियान चलाया.

सरायकेला(SAAIKELA):हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा के आह्वान पर शुक्रवार को आदित्यपुर में बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है.जहां भाजपा आरआईटी मंडल के अध्यक्ष अभिषेक विशाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुबह सात बजे से ही सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने का अभियान चलाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा शहर में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए हिमांशु हत्याकांड के आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की.

सुबह से ही दुकान बंद करने में लगें भाजपा कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान रोड नंबर-4 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. हालांकि सुबह से ही शहर की अधिकांश दुकानें स्वतः बंद रहीं, जिससे बंद का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया.इधर, आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए भाजपा आरआईटी मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, भाजपा प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष सतीश शर्मा समेत करीब 50 भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आरआईटी थाना पहुंचाया.थाना परिसर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

 आरोपियों की गिरफ़्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन में ललन शुक्ला, मिंटू पांडेय, अमितेश अमर, शैलेश शर्मा, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हिमांशु हत्याकांड के सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल