लड़कियों के सामने स्टंट का वीडियो वायरल,पुलिस ने मनचलों पर कार्रवाई की मांग

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 24, 2026

बिहारशरीफ से एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में एक युवक संकरी गली से स्कूल जा रही छात्राओं के सामने अचानक स्टंट करता दिखाई दे रहा है.

नालंदा (NALANDA): जिले के बिहारशरीफ से एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में एक युवक संकरी गली से स्कूल जा रही छात्राओं के सामने अचानक स्टंट करता दिखाई दे रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने युवक की पहचान और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है. वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी कुछ छात्राएं किताबें और बैग लेकर सड़क से गुजरती नजर आती हैं. इसी दौरान चेक शर्ट पहना एक युवक उनके सामने बैकफ्लिप समेत कई करतब करने लगता है. अचानक हुई इस हरकत को देखकर वहां से गुजर रही छात्राएं हैरान नजर आती हैं.

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी

वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया. कई यूजर्स ने बिहार पुलिस को टैग करते हुए युवक की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. कुछ पोस्ट में वीडियो के साथ “Arrest him” लिखकर भी पुलिस से हस्तक्षेप की अपील की गई. सोशल मीडिया पर लोगों ने स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक रास्तों, खासकर स्कूल जाने वाले मार्गों पर ऐसी गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि छात्राएं बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकें.

प्रशासन ने शुरू की युवक की पहचान की प्रक्रिया

वायरल वीडियो का मामला प्रशासन के संज्ञान में भी पहुंच गया है. बिहारशरीफ के अनुमंडलाधिकारी किसलय श्रीवास्तव के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने बताया कि युवक की पहचान होने के बाद मामले में नियमों के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल युवक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

आगे की कार्रवाई का इंतजार

इस मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की विस्तृत कार्रवाई की जानकारी सामने आनी बाकी है. वायरल वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और युवक ने ऐसा क्यों किया, इसे लेकर भी फिलहाल आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है. प्रशासन की जांच और युवक की पहचान के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.