भागलपुर में दर्दनाक हादसा, बाढ़ के पानी में डूबे 6 बच्चे, मचा कोहराम

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 21, 2026

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। विष्णु टोला इलाके में कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर स्नान करने गए छह बच्चों की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के मुताबिक, विष्णु टोला के कुछ बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा की तैयारी को लेकर स्नान करने के लिए घर से निकले थे। सभी बच्चे तरैटा नारायणपुर बहियार के समीप बाढ़ के पानी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से बच्चे डूबने लगे। देखते ही देखते छह बच्चे पानी में समा गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को पानी से निकालने की कोशिश शुरू की। काफी प्रयास के बाद सभी बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चों की उम्र करीब 12 वर्ष थी। एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, भागलपुर के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैला हुआ है। ऐसे में बच्चों के पानी में जाने से हादसे का खतरा बना हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन से लोगों ने ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है।