पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य में लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त करने को लेकर लगातार ही गंभीर दिख रहे हैं. मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम पहली बार राज्य के अधिकारियों के साथ दो दिवसीय मैराथन बैठक कर रहे हैं. बैठक में शामिल होने के लिए राज्य के सभी जिलों के एसपी और डीएम लोक सेवक आवास पहुंचे हैं. बैठक के दौरान सीएम सम्राट लॉ एंड ऑर्डर तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे.
बैठक में सीएम सम्राट हाल के दिनों में राज्य में बड़ी घटनाओं पर सख्ती दिखा सकते हैं और अधिकारियों की जिम्मेवारी तय कर सकते हैं. दो दिवसीय बैठक में सभी विभागों के सचिव, सभी जिलों के डीएम, एसपी, आईजी, डीआईजी, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और एसएसपी भी शामिल हो रहे हैं. इसके अलावा प्रमंडलीय आयुक्त भी शामिल हो रहे हैं. कहा जा रहा है कि लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त करने के लिए सीएम अधिकारियों को बड़ा टारगेट दे सकते हैं.

दो दिवसीय बैठक में पहले दिन लॉ एंड ऑर्डर पर मंथन करने की जानकारी मिल रही है जबकि दूसरे दिन विकास योजनाओं पर. बैठक में सीएम के साथ मुख्य सचिव और अन्य विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव शामिल हो रहे हैं.
