भागलपुर में गंगा के बढ़े जलस्तर ने कोलकाता से वाराणसी जा रहे राजमहल गंगा क्रूज की यात्रा पर ब्रेक लगा दिया है. करीब 9 दिनों से यह आकर्षक क्रूज भागलपुर में गंगा के बीच रुका हुआ है. जलस्तर अधिक होने के कारण क्रूज के आगे बढ़ने में परेशानी आ रही है. हालांकि, क्रूज पर सवार विदेशी पर्यटकों को पहले ही उतारकर ट्रेन के जरिए पटना भेज दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, राजमहल गंगा क्रूज ने 5 सितंबर को विक्रमशिला सेतु पार किया था और इसके बाद भागलपुर पहुंचा. लेकिन गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ रहने के कारण क्रूज को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिल सकी. अब सबसे बड़ी चुनौती बेगूसराय के सिमरिया सेतु को पार करने की है. जलस्तर और पुल के नीचे उपलब्ध जगह को देखते हुए क्रूज के सुरक्षित संचालन को लेकर सावधानी बरती जा रही है.
क्रूज पर कुल 9 विदेशी और 2 भारतीय पर्यटक सवार थे. विदेशी पर्यटकों में ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और नीदरलैंड के सैलानी शामिल थे. जलस्तर की स्थिति को देखते हुए उनकी यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें पहले ही ट्रेन से पटना रवाना कर दिया गया. फिलहाल क्रूज भागलपुर में ही रुका हुआ है.
बताया जा रहा है कि अगर अगले दो से तीन दिनों में गंगा का जलस्तर अनुकूल होता है, तो क्रूज को आगे रवाना किया जा सकता है. सुरक्षा के मद्देनजर क्रूज के आसपास एसडीआरएफ की टीमें भी लगातार गश्त कर रही हैं.
दरअसल, राजमहल गंगा क्रूज पिछले कई महीनों से गंगा के रास्ते बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों की यात्रा पर है. लेकिन भागलपुर और इसके आगे बढ़ा हुआ गंगा का जलस्तर फिलहाल इसकी यात्रा में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है.
