बिहार में 1.09 करोड़ लाभार्थियों के खाते में पहुंची पेंशन की राशि,सीएम सम्राट ने किया 1,205.91 रुपये करोड़ ट्रांसफर

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 10, 2026

बिहार के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1.09 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर कर दी है

बिहार के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1.09 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर कर दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से जारी इस राशि के तहत प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1,100 रुपये भेजे गए हैं. सरकार ने इस मद में कुल 1,205.91 करोड़ रुपये की राशि जारी की है.

दरअसल, बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का उद्देश्य राज्य के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को हर महीने पेंशन दी जाती है, ताकि उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिल सके. पेंशन की राशि बढ़ाकर 1,100 रुपये किए जाने के बाद लाभार्थियों को पहले की तुलना में अधिक सहायता मिल रही है.

सरकार की ओर से पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है. इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होती है. साथ ही लाभार्थियों को पेंशन प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते.

वहीं, लाभार्थी अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक कर यह पता लगा सकते हैं कि उनके खाते में पेंशन की राशि पहुंची है या नहीं. इसके लिए बैंक शाखा, एटीएम या मोबाइल बैंकिंग की सुविधा ली जा सकती है.

बिहार सरकार का यह कदम सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक रूप से सहारा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.