बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित शराब कारोबारियों और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों को घेरकर उनके साथ धक्का-मुक्की और विरोध किया गया. आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस की सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मामला जिले के बलिया थाना क्षेत्र के कमाल गांव का है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गांव में शराब की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधिकारी पल्लवी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित शराब कारोबारी धर्मेंद्र को हिरासत में लिया. पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 21 कार्टून विदेशी शराब बरामद की.
इसके बाद पुलिस टीम धर्मेंद्र की निशानदेही पर शराब से जुड़े एक अन्य स्थान पर पहुंची. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हमला किए जाने का आरोप सामने आया. इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की.
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, पुलिस टीम पर हमले के मामले में करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
इधर, घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सके.
