औरंगाबाद में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट के बाद थाने पहुंचा मामला

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 14, 2026

औरंगाबाद (AURANGABAD): बिहार के औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत इगुना गांव में जमीन से जुड़े पुराने विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है. मामले को लेकर इगुना गांव निवासी आरती कुमारी ने मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आरती कुमारी की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में पड़ोस की सोनी कुमारी, उषा देवी और उर्मिला देवी समेत अन्य लोगों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं. इन आरोपों की पुलिस जांच अभी बाकी है.

12 सितंबर की सुबह की बताई जा रही घटना 

थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, घटना 12 सितंबर की सुबह करीब छह बजे हुई. आरती का आरोप है कि वह अपने दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थीं, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया गया है.पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट में आरती और उनके परिवार के एक बुजुर्ग को चोट लगी. शिकायत में घर में घुसकर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.

2018 से चल रहा जमीन का विवाद 

पीड़ित परिवार का कहना है कि गोतिया के साथ जमीन को लेकर वर्ष 2018 से विवाद चल रहा है और इससे संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है. उनका आरोप है कि दूसरा पक्ष विवादित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करता है और विरोध करने पर विवाद एवं मारपीट की स्थिति पैदा होती है. परिवार का दावा है कि उन्होंने जिला प्रशासन से लेकर मगध प्रक्षेत्र के आईजी और मुख्यमंत्री स्तर तक ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी है. 

मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस आवेदन के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है. फिलहाल आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस जांच के बाद ही आरोपों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.