वैशाली: वैशाली के राघोपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत मामले में अब जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अंचलाधिकारी दीपक कुमार को हटा दिया है. पातेपुर के अंचलाधिकारी को फिलहाल राघोपुर अंचल की जिम्मेवारी दी गई है. जबकि अंचलाधिकारी दीपक कुमार को जिला जन शिकायत कोषांग में प्रतिनियुक्त किया गया है. ग्रामीणों का पूर्व अंचलाधिकारी दीपक कुमार पर आरोप है कि उन्होंने नाव परिचालन में लापरवाही बरती और बिना निगरानी के ही सबकुछ किया गया. निजी नावों का भी बिना परीक्षण के ही आपदा विभाग के तहत परिचालन किया गया. इससे पहले हादसे के बाद डीएम ने उनके वेतन पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा था.
बताया जा रहा है कि अंचलाधिकारी दीपक कुमार पर पहले भी कई बार लापरवाही का आरोप लगा था. उनके विरुद्ध ग्रामीणों ने भी प्रदर्शन कर आरोप लगाया था कि 2025 में बाढ़ के दौरान जीआर राशि भी बिचौलियों के माध्यम से वितरण किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि हादसे का शिकार नाव पहले से क्षतिग्रस्त था और उसमें पहले से छेद था और उसमें स्टील का एक प्लेट लगा कर चलाया जा रहा था. हादसे के वक्त वह प्लेट हट गया था जिसकी वजह से नाव में पानी भरने लगा था.
बताया जा रहा है कि सीओ दीपक कुमार पर पहले भी कार्रवाई की गई थी. इससे पहले अप्रैल 2026 में कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के आरोप में डीएम ने उनके ऊपर कार्रवाई की थी और जिला जन शिकायत कोषांग में प्रतिनियुक्त किया था. इसके साथ ही आरोप है कि कि बार-बार निर्देश के बावजूद वे कार्य में रुचि नहीं लेते थे, बिना अनुमति मुख्यालय से गायब रहते थे और आदेशों का पालन नहीं करते थे. रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के दौरान उनकी मौजूदगी में दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी जिसमें 15 लोग घायल हो गए थे, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था.
