CM ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी दी
मुख्यमंत्री निर्धारित समय से करीब 30 मिनट की देरी से बलुआ बाजार स्थित हेलीपैड पहुंचे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. हेलीपैड पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इसके बाद वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचे.प्रतिमा अनावरण से पहले मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पैतृक मंदिर गए और पूजा-अर्चना की. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच उन्होंने डॉ. मिश्र की प्रतिमा का अनावरण किया. मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं.
CM ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मिश्र के पैतृक आवास पहुंचे. यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की. इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला चैनपुर स्थित निर्माणाधीन कोसी-मेची लिंक परियोजना के लिए रवाना हुआ.चैनपुर में मुख्यमंत्री ने परियोजना के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने उन्हें अब तक हुए काम, परियोजना की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी. कैंप कार्यालय में परियोजना को लेकर समीक्षा बैठक और प्रस्तुतीकरण भी किया गया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा का ध्यान रखने का निर्देश दिया.
कोसी-मेची लिंक परियोजना उत्तर बिहार के लिए महत्वपूर्ण
कोसी-मेची लिंक परियोजना को उत्तर बिहार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. परियोजना से सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने और कृषि क्षेत्र को फायदा मिलने की उम्मीद है. साथ ही बाढ़ और सूखे से प्रभावित क्षेत्रों को भी राहत मिलने की संभावना है.
