पटना(PATNA):ग्लोबल खान इंस्टीट्यूट के संचालक खान सर का दिन अब पढ़ाई से ज्यादा अन्य विवादों में उनका नाम चर्चा में आता रहा है. कुछ दिन पहले फायरिंग मामले को लेकर हो-हल्ला मचा था, वहीं अब मामला शांत भी नहीं हुआ कि अब एक दूसरा विवाद खान सर को लेकर सामने आया है, जहां एक युवती ने फैसल खान उर्फ खान सर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. वहीं लड़की ने जो कुछ खुलासा किया, उसके मुताबिक वह खान सर और उनके इंस्टीट्यूट के बारे में बहुत कुछ जानती है, जिसको न किसी को बताने को लेकर धमकी दी जा रही है.
पढ़िये क्या है युवती का आरोप
उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का दावा है कि वह खान सर कोचिंग संचालक से जुड़ी कई निजी और महत्वपूर्ण जानकारियों से परिचित है. इन्हीं जानकारियों को लेकर उसे लंबे समय से परेशान किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है. अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित युवती रविवार देर रात पीरबहोर थाने पहुंची और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई.
खान सर को लेकर कई बड़े खुलासे
युवती ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह वर्ष 2016 में पढ़ाई के लिए पटना आई थी. इसी दौरान वह संबंधित कोचिंग संचालक से पढ़ाई करती थी. युवती के अनुसार, इसी दौरान उसे संचालक से जुड़ी कुछ निजी और महत्वपूर्ण जानकारियों के बारे में पता चला. युवती का आरोप है कि दिसंबर 2017 से उसे लगातार परेशान किया जा रहा है. उसका दावा है कि खान सर कोचिंग संचालक ने फोन कर अपनी निजी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं बताने की चेतावनी दी थी. जानकारी सार्वजनिक करने पर उसे जान से मरवाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप युवती ने लगाया है.
थाने में FIR दर्ज
मामले में शनिवार शाम एक व्यक्ति की ओर से भी पीरबहोर थाने में आवेदन दिया गया था. आवेदन की जांच के दौरान पुलिस को मामले का संबंध कोचिंग संचालक और युवती से होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने युवती से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद मिला. युवती ने अपना अस्थायी पता पटना के गांधी चौक का बताया था, लेकिन पता पूरा नहीं होने के कारण पुलिस को उसे तलाशने में परेशानी हो रही थी. इसी बीच रविवार देर रात युवती खुद पीरबहोर थाने पहुंच गई और पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी.
पीरबहोर थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने बताया कि युवती का बयान लिया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, युवती जिस धमकी की बात कह रही है, वह करीब दो वर्ष पुरानी बताई जा रही है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल युवती के आरोपों की पुष्टि होना बाकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
