मोकामा में खूनी संघर्ष: नाली के पानी और रास्ते के विवाद में महिला की मौत, 4 घायल, 4 आरोपी गिरफ्तार

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 27, 2026

पटना जिले के मोकामा प्रखंड स्थित पचमहला थाना क्षेत्र के बाहापर गांव में नाली के पानी की निकासी और रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. शुक्रवार देर शाम हुई मारपीट और घर पर हमले की घटना में एक महिला की मौत हो गई,

मोकामा: बिहार के पटना जिले के मोकामा प्रखंड स्थित पचमहला थाना क्षेत्र के बाहापर गांव में नाली के पानी की निकासी और रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. शुक्रवार देर शाम हुई मारपीट और घर पर हमले की घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

मृतका की पहचान शांति देवी, पति रामस्वरूप शर्मा के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में आरती देवी, फूलों देवी, महेश मिस्त्री और दिपुल शर्मा शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बड़हिया में भर्ती कराया गया है.

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच नाली का पानी बहाने और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस संबंध में पहले भी थाने में आवेदन दिया गया था. शुक्रवार देर शाम विवाद बढ़ने के बाद मारपीट हुई और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला कर दिया.

घटना में महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने NH-80 पर सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन से चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा.

सूचना मिलते ही हाथीदह सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार, पचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार, सहायक थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया.

सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने महिला की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की. परिजनों के बयान पर चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया और NH-80 पर परिचालन दोबारा शुरू कराया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है.