बाढ़(BADH): बिहार के मोकामा में विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. 25 नवंबर को होने वाले इस विवाह समारोह को खास बनाने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं. करीब 10 बीघा जमीन में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है. जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर मंडप और जयमाला स्टेज तैयार किया जा रहा है. इस काम में उत्तर प्रदेश और बंगाल से आए कारीगरों समेत करीब 400 से 500 लोग लगे हुए हैं.
यूपी और बंगाल से पहुंचे कारीगर
इस भव्य आयोजन की तैयारी में उत्तर प्रदेश के मऊ से टेंट के कारीगर और बंगाल से लाइटिंग का सामान मंगाया गया है. फिलहाल 400 से 500 कारीगर फूल, लाइट, टेंट और कारपेट समेत सजावट के अलग-अलग कामों में जुटे हैं. मेहमानों के खाने की व्यवस्था भी चार अलग-अलग जगहों पर की जा रही है. प्रदीप जायसवाल का कहना है कि 20 से 21 नवंबर तक मंडप और स्टेज का भव्य स्वरूप नजर आने लगेगा.
गुंजन सिंह पहुंचे पैतृक गांव
इसी बीच मगही गायक गुंजन सिंह अनंत सिंह से मिलने उनके पैतृक गांव नदावां पहुंचे. इस दौरान अनंत सिंह की पत्नी और विधायक नीलम देवी भी मौजूद रहीं. सभी ने काफी देर तक बातचीत की. इसके बाद अनंत सिंह, गुंजन सिंह और समर्थकों के साथ शादी की तैयारियों का जायजा लेने निकले. उन्होंने घुड़दौड़ मैदान पहुंचकर वहां चल रही तैयारियों और घोड़ों की व्यवस्था देखी. निरीक्षण के बाद सभी वापस आवास लौट आए. इसके बाद अनंत सिंह निजी कार्यक्रम के लिए मोकामा रवाना हो गए.
गुंजन सिंह ने गाया खास गाना
मीडिया से बातचीत में गुंजन सिंह ने कहा कि यह उनके घर की शादी है और वह मेहमानों के स्वागत में लगे हैं. शादी में उनकी प्रस्तुति भी होगी. उन्होंने इस आयोजन को नेशनल नहीं, बल्कि इंटरनेशनल शादी बताया. हालांकि, समारोह में कौन-कौन पहुंचेगा और कितने हेलीकॉप्टर आएंगे, इसकी जानकारी उन्होंने अभी नहीं दी. उन्होंने कहा कि सभी लोगों का स्वागत है और निमंत्रण के लिए कार्ड का इंतजार करने की जरूरत नहीं है.
