कैमूर, जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में नदी पार करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है. इसी बीच कुदरा बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे दो युवक गहरे पानी में चले गए. हादसे में 17 वर्षीय विवेक कुमार की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक गोलू को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया.
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी विनोद साह का पुत्र विवेक कुमार और राम एकबाल का पुत्र गोलू कुदरा बाजार से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे. कुदरा से रामपुर जाने वाले रास्ते में श्रमदान से बनी पुलिया को पार करने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद विवेक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. वहीं गोलू को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उसकी हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण दुर्गावती और कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि नदी के रास्ते पर लाल कपड़े से घेराव या बांस-बल्ला लगाकर आवागमन रोक दिया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है.
हादसे के बाद रामपुर गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने सरकार से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
रिपोर्ट: अजीत कुमार
