स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा! H1N1 से बचने के लिए अपनाएं ये जरूरी सावधानियां

कर्नाटक में मौसमी इन्फ्लुएंजा यानी H1N1 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. 22 अगस्त 2026 तक राज्य के 32 जिलों में इन्फ्लुएंजा के 4,212 लैब-पुष्ट मामले सामने आए हैं. इनमें अकेले ग्रेटर बेंगलुरु क्षेत्र में 2,070 मामले दर्ज किए गए हैं.

स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा! H1N1 से बचने के लिए अपनाएं ये जरूरी सावधानियां

टीएनपी डेस्क : कर्नाटक में मौसमी इन्फ्लुएंजा यानी H1N1 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. 22 अगस्त 2026 तक राज्य के 32 जिलों में इन्फ्लुएंजा के 4,212 लैब-पुष्ट मामले सामने आए हैं. इनमें अकेले ग्रेटर बेंगलुरु क्षेत्र में 2,070 मामले दर्ज किए गए हैं.

2025 के आंकड़े के करीब पहुंचा संक्रमण

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कर्नाटक में पूरे वर्ष 2025 में 4,583 इन्फ्लुएंजा के मामले दर्ज हुए थे. इस साल अगस्त तक ही यह आंकड़ा 4,212 तक पहुंच गया है. स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में मौसमी फ्लू का दूसरा पीक आमतौर पर जुलाई से सितंबर के बीच देखा जाता है.

बेंगलुरु में सबसे ज्यादा मामले

बेंगलुरु इस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल है. 22 अगस्त तक ग्रेटर बेंगलुरु क्षेत्र में 2,070 लैब-पुष्ट मामले सामने आए. स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है और तैयारियों की समीक्षा की जा रही है.

H1N1 के क्या हैं लक्षण?

H1N1 में सामान्य तौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. लक्षण बढ़ने या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है.स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है. 

बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. बीमार होने पर घर पर रहना, हाथों की स्वच्छता बनाए रखना और भीड़भाड़ वाली जगहों पर उचित सावधानी बरतना संक्रमण के प्रसार को कम करने में मदद कर सकता है.

संक्रमण से बचने के लिए क्या करें?

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है:

खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को ढकें

हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोते रहें

फ्लू जैसे लक्षण होने पर घर पर रहें और जरूरत पड़ने पर खुद को दूसरों से अलग रखें

लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें

आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें

पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेते रहें

बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें

लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सलाह

नए वायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च यानी ICMR ने स्पष्ट किया है कि भारत में H1N1 का कोई नया स्ट्रेन सामने नहीं आया है. वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल बढ़ रहे मामले मौसमी इन्फ्लुएंजा के पैटर्न से जुड़े हैं और मौजूदा वायरस स्ट्रेन 2025 से ही सर्कुलेशन में हैं.फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की अपील साफ है सतर्क रहें, लक्षणों को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लें.