ब्रेन स्ट्रोक के दौरान क्या है गोल्डन आवर? जानिए वो जरूरी बातें, जो बचा सकती हैं आपकी जान!
ब्रेन स्ट्रोक क्या है और इसका गोल्डन आवर क्यों महत्वपूर्ण है? जानिए स्ट्रोक के प्रकार, BE FAST से शुरुआती लक्षणों की पहचान, तुरंत क्या करें और किन सावधानियों से स्ट्रोक का खतरा कम किया जा सकता है.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): कहते है आज के समय में कब किसको क्या हो जाए, इसका अंदाजा कोई नहीं लगा सकता. कभी कभी जिस इंसान को हम एकदम फिट समझते है, उस व्यक्ति को कब क्या हो जाए इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. इसलिए हमेशा कहा गया है की दुनिया में सबसे जरूरी आपका हेल्थ है. हेल्थ से बढ़कर कुछ भी नहीं. ऐसे में अपनी सेहत को लेकर सतर्क रहना और बीमारियों के शुरुआती संकेतों को समझना बेहद जरूरी है. आपने कई बार लोगों को ब्रेन स्ट्रोक के बारे में बात करते सुना होगा. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर ब्रेन स्ट्रोक क्या होता है? यह अचानक क्यों आता है और सबसे जरूरी बात, क्या समय रहते इसके खतरे को पहचानकर किसी की जान बचाई जा सकती है?

दरअसल, ब्रेन स्ट्रोक एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. इसमें दिमाग के किसी हिस्से तक खून और ऑक्सीजन की सप्लाई रुक जाती है या दिमाग की कोई नस फट जाती है. ऐसी स्थिति में ब्रेन सेल्स को नुकसान पहुंचने लगता है. समय पर इलाज नहीं मिलने पर व्यक्ति की बोलने, चलने, समझने और याद रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. कई मामलों में स्ट्रोक जानलेवा भी साबित होता है. सबसे चिंता की बात यह है कि स्ट्रोक केवल बुजुर्गों को ही नहीं, बल्कि कम उम्र के लोगों को भी हो सकता है.
क्या होता है ब्रेन स्ट्रोक और कितने प्रकार के होते हैं?
ब्रेन स्ट्रोक मुख्य रूप से दो तरह का होता है-
इस्केमिक स्ट्रोक
यह स्ट्रोक का सबसे आम प्रकार है. इसमें दिमाग की किसी नस में खून का थक्का जम जाता है, जिससे मस्तिष्क तक रक्त और ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित हो जाती है. ज्यादातर स्ट्रोक इसी श्रेणी में आते हैं. ऐसे मामलों में डॉक्टर मरीज की स्थिति और समय को देखते हुए क्लॉट हटाने वाली दवाओं या अन्य उपचार का इस्तेमाल कर सकते हैं.
हेमोरेजिक स्ट्रोक
इस स्थिति में दिमाग की कोई रक्त वाहिका फट जाती है और मस्तिष्क के अंदर खून बहने लगता है. हाई ब्लड प्रेशर इसका एक प्रमुख कारण है. इस तरह के स्ट्रोक में इलाज इस्केमिक स्ट्रोक से अलग होता है.

क्या है स्ट्रोक का गोल्डन आवर?
ब्रेन स्ट्रोक में समय सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है. डॉक्टरों के अनुसार, शुरुआती समय में अस्पताल पहुंचना मरीज की जान बचाने और दिमाग को स्थायी नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है. इसी वजह से गोल्डन आवर की चर्चा होती है. इस्केमिक स्ट्रोक के कुछ मरीजों को शुरुआती 4.5 घंटे के भीतर क्लॉट घोलने वाली दवा दी जा सकती है. हालांकि, इसके लिए मरीज की जांच और मेडिकल पात्रता जरूरी होती है. कुछ चुनिंदा मरीजों में विशेष प्रक्रिया से खून का थक्का निकालने का इलाज भी किया जा सकता है. इसलिए केवल एक घंटे का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए.

BE FAST से पहचानें ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण
ब्रेन स्ट्रोक के लक्षणों को पहचानने के लिए BE FAST तकनीक काफी उपयोगी मानी जाती है.
B – Balance (संतुलन): अचानक शरीर का संतुलन बिगड़ना, चक्कर आना या चलने में परेशानी होना.
E – Eyes (आंखें): अचानक धुंधला दिखना, दोहरा दिखना या एक अथवा दोनों आंखों की रोशनी प्रभावित होना.
F – Face (चेहरा): मुस्कुराने पर चेहरे का एक हिस्सा टेढ़ा दिखाई देना.
A – Arms (हाथ): दोनों हाथ उठाने पर एक हाथ नीचे गिर जाना या हाथ में अचानक कमजोरी आना.
S – Speech (बोलना): बोलने में परेशानी, लड़खड़ाती आवाज या दूसरों की बात समझने में दिक्कत होना.
T – Time (समय): इनमें से कोई भी लक्षण दिखे तो तुरंत एंबुलेंस बुलाएं और अस्पताल पहुंचें. लक्षण शुरू होने का समय जरूर नोट करें.

स्ट्रोक आने पर क्या करें और क्या नहीं?
अगर किसी व्यक्ति में स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें तो सबसे पहले एंबुलेंस की मदद लें. मरीज को खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जाने न दें. लक्षण शुरू होने का समय नोट करें और डॉक्टर को उसकी जानकारी दें. सबसे जरूरी बात, मरीज को बिना डॉक्टर की सलाह के एस्पिरिन या कोई दूसरी दवा न दें. क्योंकि अगर स्ट्रोक दिमाग की नस फटने के कारण हुआ है, तो एस्पिरिन से ब्लीडिंग बढ़ सकती है. मरीज को खाना-पानी भी न दें, क्योंकि स्ट्रोक के दौरान निगलने में परेशानी हो सकती है.

इन आदतों से कम कर सकते हैं स्ट्रोक का खतरा
ब्रेन स्ट्रोक का खतरा कम करने के लिए अपनी दिनचर्या में कुछ जरूरी बदलाव करना चाहिए.
-ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को नियंत्रित रखें.
-धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाएं.
-रोजाना कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करें.
-खाने में नमक और ज्यादा फैट वाली चीजों का सेवन कम करें.
-वजन को नियंत्रित रखें और संतुलित आहार लें.
-पर्याप्त नींद लें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं.
-कोलेस्ट्रॉल की जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज जारी रखें.
याद रखें, ब्रेन स्ट्रोक में लापरवाही जानलेवा हो सकती है. इसलिए इसके लक्षणों को पहचानें, समय पर अस्पताल पहुंचें और किसी भी स्थिति में घरेलू इलाज के भरोसे न रहें. सही समय पर मिला इलाज किसी की जिंदगी बचा सकता है.