UTI के इलाज में आयुर्वेद से मिली नई उम्मीद! छह जड़ी-बूटियों से बनी दवा के ट्रायल में 97% मरीजों को मिली राहत
छह औषधीय पौधों से UTI की आयुर्वेदिक दवा तैयार की गई. ट्रायल में दवा लेने वाले 30 मरीजों में से 29 की यूरिन रिपोर्ट निगेटिव आई.
छह औषधीय पौधों से UTI की आयुर्वेदिक दवा तैयार की गई. ट्रायल में दवा लेने वाले 30 मरीजों में से 29 की यूरिन रिपोर्ट निगेटिव आई.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन यानी UTI से परेशान मरीजों के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा में एक नई उम्मीद सामने आई है. दरअसल मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयुर्वेदिक शोधकर्ताओं ने छह औषधीय पौधों के अर्क से एक हर्बल दवा तैयार की है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके क्लिनिकल ट्रायल में शामिल 30 मरीजों में से 29 की यूरिन रिपोर्ट एक महीने के भीतर निगेटिव आई है. खास बात यह रही कि परीक्षण के दौरान दवा से किसी प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी नहीं मिली. इसके साथ ही शोध के दौरान मरीजों में किसी तरह का दुष्प्रभाव भी सामने नहीं आया.
बताते चलें कि यह शोध ग्वालियर के शासकीय स्वशासी आयुर्वेद कॉलेज और महर्षि कपिल आयुर्वेद औषधि शोध संस्थान के सहयोग से किया गया. शोधकर्ताओं ने छह औषधीय पौधों के अर्क से हर्बल एंटीमाइक्रोबियल फॉर्मूलेशन (एमकेएपी) तैयार किया. इसका उद्देश्य UTI के इलाज के लिए आयुर्वेदिक विकल्प विकसित करना था.
शोध का नेतृत्व प्रोजेक्ट निदेशक प्रो. डॉ. कपिल शर्मा और सह-अनुसंधान अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने किया. रिपोर्ट के अनुसार, क्लिनिकल ट्रायल के दौरान दवा लेने वाले मरीजों में कोई प्रतिकूल प्रभाव दर्ज नहीं किया गया.
छह महीने तक चला ट्रायल
शोध के तहत छह महीने तक मरीजों पर परीक्षण किया गया. इस दौरान UTI से पीड़ित 60 मरीजों को दो समूहों में बांटा गया. दोनों समूहों में 30-30 मरीज शामिल थे. एक समूह को दवा दी गई, जबकि दूसरे समूह को बिना दवा के केवल खानपान और पथ्य-अपथ्य का पालन कराया गया.
समूह-ए: औषधि प्रयोग: इस समूह के 30 मरीजों को एक महीने तक नियमित रूप से एमकेएपी दवा दी गई. एक महीने बाद जांच में 30 में से 29 मरीजों की यूरिन रिपोर्ट निगेटिव आई. यानी लगभग 97 प्रतिशत मरीजों में संक्रमण से जुड़ी रिपोर्ट सामान्य हुई.
समूह-बी: केवल पथ्य-अपथ्य: दूसरे समूह के 30 मरीजों को दवा नहीं दी गई. उन्हें केवल खानपान और पथ्य-अपथ्य के नियमों का पालन कराया गया. एक महीने बाद जांच में इस समूह के पांच मरीजों की यूरिन रिपोर्ट निगेटिव आई.
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों समूहों के परिणामों में अंतर देखा गया. हालांकि, शोध के निष्कर्षों की व्यापक पुष्टि के लिए विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन और स्वतंत्र समीक्षा की आवश्यकता होगी.