गर्मी में बर्फ जैसा ठंडा पानी पीना पड़ सकता है भारी! एक्स्पर्ट्स की राय जान, चौक जाएंगे आप
तेज गर्मी और धूप से घर लौटते ही फ्रिज का बेहद ठंडा पानी पीना कई लोगों की आदत बन चुकी है. ठंडा पानी शरीर को तुरंत राहत तो देता है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि जरूरत से ज्यादा चिल्ड पानी सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है. खासकर तब, जब शरीर पहले से ही गर्म हो और अचानक बहुत ठंडा पानी अंदर जाए.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): तेज गर्मी और धूप से घर लौटते ही फ्रिज का बेहद ठंडा पानी पीना कई लोगों की आदत बन चुकी है. ठंडा पानी शरीर को तुरंत राहत तो देता है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि जरूरत से ज्यादा चिल्ड पानी सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है. खासकर तब, जब शरीर पहले से ही गर्म हो और अचानक बहुत ठंडा पानी अंदर जाए.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, तेज धूप में रहने के बाद शरीर खुद को सामान्य तापमान पर लाने में जुटा रहता है. इस दौरान शरीर में ब्लड सर्कुलेशन तेज होता है. ऐसे में अचानक बहुत ठंडा पानी पीने से शरीर को तापमान में झटका महसूस हो सकता है. इससे कई बार सिरदर्द, चक्कर या बेचैनी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.
पाचन पर भी पड़ सकता है असर
डॉक्टर्स बताते हैं कि ज्यादा ठंडा पानी पाचन क्रिया को कुछ समय के लिए धीमा कर सकता है. इससे भोजन पचाने वाले एंजाइम्स की कार्यक्षमता प्रभावित होती है, जिसके कारण अपच, पेट फूलना या पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासकर खाना खाने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीना नुकसानदायक माना जाता है.
पसीने के बाद चिल्ड पानी से बढ़ सकती हैं ये परेशानियां
बहुत ज्यादा पसीना आने के तुरंत बाद बर्फ जैसा पानी पीने से गले में खराश, खांसी, बलगम और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. जिन लोगों को ठंडी चीजों से जल्दी परेशानी होती है, उनमें यह दिक्कत ज्यादा देखने को मिलती है.
‘ब्रेन फ्रीज’ और हार्ट पर भी असर
एक्सपर्ट्स का कहना है कि जरूरत से ज्यादा ठंडा पानी कुछ लोगों में अचानक सिरदर्द यानी ‘ब्रेन फ्रीज’ की वजह भी बन सकता है. वहीं, हार्ट मरीजों के लिए भी बहुत ठंडा पानी सही नहीं माना जाता. तापमान में अचानक बदलाव से हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है.
गर्मी में क्या पीना रहेगा बेहतर?
डॉक्टर्स सलाह देते हैं कि धूप से आने के तुरंत बाद बर्फ जैसा पानी पीने से बचें. पहले कुछ मिनट आराम करें, फिर सामान्य तापमान या हल्का ठंडा पानी धीरे-धीरे पिएं. गर्मियों में मिट्टी के घड़े का पानी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस जैसे ड्रिंक्स शरीर को बेहतर तरीके से हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं.