पटना (PATNA): ऑनलाइन क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता 'ACAD QUAD' के मई 2026 महीने के परिणामों की घोषणा कर दी गई है. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो प्रमुख वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया है. स्कूल वर्ग में डॉन बॉस्को अकादमी, पटना के छात्र धैर्य पांडेय ने देश भर में पहला स्थान प्राप्त कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. वहीं, कॉलेज वर्ग में भी पटना का दबदबा कायम रहा, जहां सेंट माइकल्स हाई स्कूल की छात्रा श्रद्धा श्री ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखने में कामयाबी हासिल की है.
इसके अलावा, प्रतियोगिता के अन्य दो वर्गों यानी सीनियर और ग्लोबल में अहमदाबाद के धीरेंद्र त्रिपाठी और बेंगलुरु के हरीश कामथ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया. वहीं स्कूल वर्ग में दूसरा और तीसरा स्थान बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय (पोखरैरा) के निर्भय राज और अभिषेक कुमार ने जीता. कॉलेज वर्ग में आईजीआईएमएस, पटना के सोहम सार्थक सिन्हा दूसरे और एनआईटी मणिपुर के ओम कुमार झा तीसरे स्थान पर रहे. सीनियर वर्ग में त्रिशूर के जैकब ब्रह्मकुलम और चेन्नई के एन. रंगास्वामी ने क्रमशः दूसरा व तीसरा स्थान पाया, जबकि ग्लोबल वर्ग में सिकंदराबाद के समित कल्लियनपुर और चेन्नई के रामकी कृष्णन ने दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया.
आपको बता दें, 'ACAD QUAD' दरअसल चार अलग-अलग दैनिक ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का एक अनूठा समुच्चय है, जो पूरे वर्ष crypticsingh.com वेबसाइट पर आयोजित किया जाता है. इस वार्षिक बौद्धिक खेल की प्रतिस्पर्धात्मक अवधि हर साल 1 फरवरी से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक चलती है. प्रतियोगिता को चार विशेष श्रेणियों यानी स्कूल, कॉलेज, सीनियर (60 वर्ष से अधिक आयु के लिए) और ग्लोबल (दुनिया भर के प्रतिभागियों के लिए) में बांटा गया है. आयोजकों के अनुसार, इस ज्ञानवर्धक खेल में देश-दुनिया के किसी भी हिस्से से भागीदारी पूरी तरह फ्री है, जहां विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक सरप्राइज उपहार भी दिए जाते हैं.