गढ़वा में त्योहारों पर जीरो टॉलरेंस! एसपी के निर्देश पर अलर्ट मोड पर पुलिस

    गढ़वा में त्योहारों पर जीरो टॉलरेंस! एसपी के निर्देश पर अलर्ट मोड पर पुलिस

    गढ़वा (GARHWA): होली पर्व को लेकर झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इस बार होली के साथ मुस्लिम समुदाय का रोजा भी पड़ रहा है, ऐसे में किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी की है. जिला पुलिस सभी स्तरों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सक्रिय नजर आ रही है.

    थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा चुका है. इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और मॉक ड्रिल भी कराई गई है. पुलिस केंद्र गढ़वा स्थित परेड ग्राउंड में होली और रामनवमी को लेकर विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई. यह अभ्यास अमन कुमार, पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर और परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र संदीप कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ.

    मॉक ड्रिल के दौरान बलवा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, दंगाइयों से निपटने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया गया. जवानों ने दंगा-रोधी उपकरणों के साथ रणनीतिक तरीके से भीड़ को नियंत्रित करने और संवेदनशील हालात में समन्वय स्थापित करने का प्रदर्शन किया. अभ्यास का उद्देश्य त्योहारों के दौरान संभावित अफवाहों, भीड़भाड़ और अप्रिय घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित करना था.

    एसपी अमन कुमार ने मौके पर मौजूद जवानों को आगामी होली और रामनवमी पर्व के दौरान पूरी सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है.

    जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

    रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news