शादी का सपना दिखाकर डेढ़ साल तक शोषण, युवती की शिकायत पर युवक गिरफ्तार

    शादी का सपना दिखाकर डेढ़ साल तक शोषण, युवती की शिकायत पर युवक गिरफ्तार

    दुमका(DUMKA):दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है.पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक सोमलाल हांसदा को गिरफ्तार कर लिया है.

    शादी का भरोसा देकर बनाता रहा संबंध

    पीड़िता ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी पिछले करीब डेढ़ साल से शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था. युवती का घर आरोपी के गांव से कुछ ही दूरी पर बताया जा रहा है, जिसके कारण दोनों के बीच पहले से जान पहचान थी.

    शादी की बात पर बदला युवक का रवैया

    युवती के अनुसार जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो युवक ने अचानक शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता ने 16 मई को शिकारीपाड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.

    पुलिस ने दर्ज किया मामला, बाजार से हुई गिरफ्तारी

    पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया.जांच शुरू होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोमलाल हांसदा को शिकारीपाड़ा बाजार से गिरफ्तार कर लिया.

    आरोपी को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में जेल

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है.

    रिपोर्ट-पंचम झा



    Related News