धनबाद(DHANBAD) | केंद्र सरकार ने कोयला खान पेंशन संशोधन योजना 2026 को अधिसूचित कर दिया है. इसके साथ ही कोयलांचल में सवाल किये जा रहे हैं कि 16000 रिटायर्ड कोयला कर्मी खुशी मनाएं या अपना माथा पीटे , दरअसल पुरानी कोयला खान परिवार पेंशन योजना 1971 के तहत आने वाले 16000 रिटायर्ड कोयला कर्मियों के लिए पेंशन की राशि बढ़ाकर 1000 प्रतिमाह कर दी गई है.
8 मार्च 2024 से प्रभावी मानी जाएगी,एरियर भी मिलेगा
यह 8 मार्च 2024 से प्रभावी मानी जाएगी। जानकार बताते हैं कि पुरानी परिवार पेंशन योजना के कई पेंशनभोगी पहले हुए न्यूनतम पेंशन संशोधन के लाभ से वंचित थे. कई लोग 500 या 1000 से नीचे पेंशन पा रहे थे. नई अधिसूचना में इसे सुधारा गया है. इस निर्णय से लगभग 16000 पेंशन भोगी प्रभावित होंगें। उन्हें जून माह से एरियर के साथ राशि का भुगतान किया जाएगा।
1998 में हुए संशोधन में कर्मी नहीं आये थे दायरे में
उल्लेखनीय है कि सीएमपीएफ पेंशन एक्ट 1998 में पहले संशोधन हुआ था और इस एक्ट के तहत आने वाले पेंशन भोगियों को न्यूनतम पेंशन ₹1000 मिल रही थी. तब कोल माइंस फैमिली पेंशन स्कीम 1971 को न्यूनतम पेंशन ₹1000 के दायरे में नहीं लाया गया था. यह बात भी सच है की फैमिली पेंशन को न्यूनतम 1000 करने की मांग लंबे समय से हो रही थी.

