गुमला के खेड़ा गांव में जमीन मापी करने गए कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, देखिए

    गुमला के खेड़ा गांव में जमीन मापी करने गए कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, देखिए

    गुमला(GUMLA):गुमला जिला के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत खेड़ा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान बड़ा बवाल हो गया.अंचलाधिकारी के निर्देश पर पहुंचे चैनपुर अंचल के राजस्व कर्मियों पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया.जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह पर एक महिला ने चप्पलों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आई. वहीं अन्य कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया.किसी तरह कर्मचारी अपनी जान बचाकर मौके से भागे.घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

    मामले की जांच में जुटी पुलिस 

    हालांकि, विवाद के कारण जमीन का सीमांकन कार्य पूरा नहीं हो सका और राजस्व कर्मियों सहित पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा.बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शिव प्रसाद साहू के आवेदन पर की जा रही थी.टीम में अंचल निरीक्षक सहित अन्य कर्मी भी शामिल थे.घटना के बाद सभी राजस्व कर्मी चैनपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई है.पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

    कर्मियों में आक्रोश और डर का माहौल

    इस घटना के बाद पूरे जिले के राजस्व कर्मियों में आक्रोश और डर का माहौल है.कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार दूर-दराज इलाकों में सीमांकन कार्य के लिए जाते है, ऐसे में उनकी सुरक्षा एक गंभीर सवाल बन गई है.वहीं अन्य अंचलों के कर्मियों ने भी प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    रिपोर्ट-सुशील कुमार



    Related News