देवघर (DEOGHAR): जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसा मामल सामने आया है जसिनें न सिर्फ रिश्ते बाल इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया है. यहाँ पत्नी के कथित अवैध संबंधों से परेशान एक पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन देवघर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
मृतका की पहचान माला देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति शिबु यादव बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, शिबु यादव को शक था कि उसकी पत्नी का एक ऑटो चालक के साथ प्रेम संबंध चल रहा है. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. धीरे-धीरे यह तनाव इतना बढ़ गया कि आरोपी ने खौफनाक कदम उठा लिया.
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर फिर से झगड़ा हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि शिबु यादव ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुदाल तथा ईंट से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से माला देवी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था. मामले की सूचना मिलते ही देवघर पुलिस हरकत में आई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.
सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुदाल, खून से सनी ईंट और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा

