धनबाद(DHANBAD): धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने बुधवार को लोकसभा में तलगड़िया रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने, बोकारो–धनबाद क्षेत्र में रेल यातायात के दबाव को कम करने तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया. उन्होंने यह भी प्रश्न किया कि क्या तलगड़िया–तुपकाडीह रेल लाइन के उपयोग से बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर इंजन रिवर्सल एवं भीड़ की समस्या को कम किया जा सकता है. रेल मंत्री ने अपने उत्तर में बताया कि तलगड़िया स्टेशन को सैटेलाइट टर्मिनल के रूप में विकसित करने की व्यवहारिक्ता का आकलन किया जा रहा है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे प्रस्ताव यात्री संख्या, ट्रैफिक ट्रेंड, आय और भविष्य की आवश्यकताओं के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लिए जाते हैं, साथ ही, ट्रेनों के ठहराव का निर्णय भी परिचालन व्यवहार्यता और उपलब्ध आधारभूत संरचना को ध्यान में रखते हुए किया जाता है. सांसद ने बताया कि तलगड़िया स्टेशन दक्षिण पूर्व रेलवे के बोकारो–आद्रा सेक्शन पर स्थित है और बोकारो से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर एक महत्वपूर्ण स्टेशन है. वर्तमान में यहां 6 रेल लाइनें (2 मुख्य एवं 4 लूप लाइन) तथा 4 उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, प्रतिदिन लगभग 200 यात्रियों का आवागमन होता है और फिलहाल 4 ट्रेन सेवाएं संचालित हैं.
स्टेशन पर प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, फुट ओवरब्रिज जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, तथा हाल के वर्षों में प्लेटफॉर्म, बुकिंग ऑफिस, दिव्यांगजन रैंप आदि का विकास भी किया गया है. साथ ही, तलगड़िया–बोकारो नॉर्थ केबिन (38 किमी) खंड का दोहरीकरण कार्य पूरा हो चुका है तथा भोजूडीह–तलगड़िया (12.5 किमी) खंड में भी दोहरीकरण कार्य प्रगति पर है, जिससे भविष्य में रेल नेटवर्क की क्षमता और अधिक बढ़ेगी।
सांसद ने बताया कि बोकारो स्टील सिटी स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, जिसमें अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, नई लाइन, स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, एस्केलेटर, वेटिंग हॉल, पार्किंग और दिव्यांगजन सुविधाओं का विस्तार शामिल है.
उन्होंने कहा कि झारखंड में रेलवे बजट में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है. जहां वर्ष 2009–14 में औसत बजट ₹457 करोड़ था, वहीं 2025–26 में यह बढ़कर ₹7306 करोड़ हो गया है. राज्य में 26 बड़ी रेल परियोजनाएं (नई लाइन और दोहरीकरण) स्वीकृत हैं, जिनकी कुल लंबाई 2363 किमी है और इनमें से 598 किमी कार्य पूरा किया जा चुका है. कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिससे राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति मिल रही है. सांसद ढुलू महतो ने कहा कि तलगड़िया स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने से बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर दबाव कम होगा, ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार शीघ्र इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेकर धनबाद, बोकारो एवं आसपास के क्षेत्रों को इसका लाभ प्रदान करेगी.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


