रांची(RANCHI):झारखंड में लगातार मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. पिछले कई दिनों से राज्य के अलग-अलग जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 16 मई तक राज्य के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं बुधवार को भी राज्य का मौसम बदला हुआ रहेगा.मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
आज इन जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
राजधानी रांची समेत जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और पलामू जैसे जिलों में दोपहर बाद मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में तेज गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं कई जगहों पर वज्रपात की भी आशंका है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
दिनभर बादल छाए रहने की संभावना
वहीं खूंटी, लोहरदगा और गुमला जैसे जिलों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. शाम के समय हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मौसम का यही बदला हुआ स्वरूप बना रह सकता है. ऐसे में किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री जा सकता है.

