खूटी(KHUNTI): सी. पी. राधाकृष्णन शुक्रवार यानि आज झारखंड दौरे पर पहुंचे, जहां उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त और अहम रहा. रांची आगमन के बाद वे सीधे उलिहातू के लिए रवाना हुए, जो महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है. वहां पहुंचकर उपराष्ट्रपति ने धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया.
इस दौरे के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब उपराष्ट्रपति ने बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की. उन्होंने परिवार के सदस्यों का हालचाल जाना और बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित कर अपना स्नेह प्रकट किया. इस दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत कई नेता भी उनके साथ मौजूद रहे.
उलिहातू के कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति वापस रांची लौटे, जहां वे राजभवन में दोपहर का भोजन करेंगे. इसके बाद वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट रांची के नए परिसर में आयोजित 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.यह समारोह दो सत्रों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पहला सत्र दोपहर 3 बजे शुरू होगा.
दीक्षांत समारोह में देश और राज्य की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. इस दौरान संस्थान के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया जाएगा. तय कार्यक्रम के अनुसार, शाम को समारोह समाप्त होने के बाद उपराष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
Thenewspost - Jharkhand
4+


