धनबाद की टुंडी में फिर उतरा हाथियों का दो दल, घर तो तोड़े ही,बच्चों के निवाले भी चट कर गए


धनबाद(DHANBAD): हाथियों के उत्पात से टुंडी के लोगों को छुटकारा नहीं मिल रहा है. टुंडी इलाके में हाथियों का दो दल अभी मौजूद है. एक दल में 20 से 25 हाथी है जबकि दूसरे दल में 9 या 10 हाथी हैं .हाथियों का बड़ा दल पिछले दिनों टुंडी से पीरटांड़ जंगल की ओर गया था. सूत्रों के अनुसार बड़े दल में शामिल हाथी थोड़े शांत स्वभाव के हैं लेकिन छोटे दल वाले हाथी काफी आक्रामक हैं. टुंडी क्षेत्र में 2 दिन पहले मनियाडीह पंचायत के घरों को तोड़ दिया था.
मिड डे मील अनाज बना हाथियों का निवाला
लोग बताते हैं कि इस दल में एक छोटा हाथी भी है. इस वजह से उसकी सुरक्षा को लेकर यह दल काफी आक्रामक रहता है. पहाड़ी से उतरकर यह दल रात को उत्पात मचाता है और फिर चला जाता है. मनियाडीह में उत्पात मचाने के बाद हाथियों का दल शनिवार की रात टुंडी की मछीयारा पंचायत में खूब उत्पात मचाया. कई घरों में रखे अनाज खा गए. यहां तक कि स्कूल में रखें मिड डे मील अनाज को भी निवाला बना लिया. ग्रामीण कहते हैं कि आम दिनों में तो वह रतजगा कर निगरानी करते हैं लेकिन बरसात के दिनों में यह संभव नहीं हो पाता है. वैसे हाथियों के कारण घर के भीतर भी वह दहशत में रहते हैं. वन विभाग की टीम मशालची के भरोसे गांव वालों की सुरक्षा का प्रयास कर रही है. लेकिन हाथी के झुंड जब मदमस्त होकर निकलते हैं तो उन्हें ना कोई भय रहता ना कोई डर. उत्पात मचाने के बाद ही वह वापस लौटते हैं. अभी हाल हीमें हजारीबाग में एक हाथी बीच सड़क पर आ गया था और बालू लदे ट्रैक्टर को घंटों रोके रखा.
रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो
4+