हाइवा ने बुलेट सवार दो दोस्तों को कुचला, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

    हाइवा ने बुलेट सवार दो दोस्तों को कुचला, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

    गोड्डा (GODDA): गोड्डा जिले के  महागामा थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में रविवार की सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान बिहार के कटिहार निवासी 30 वर्षीय विपिन कुमार और स्थानीय नुनाजोर निवासी 21 वर्षीय सत्यम कुमार यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त किसी निजी काम से बुलेट पर सवार होकर गोड्डा से महागामा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 133 पर विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर परिजनों की चीख-पुकार से गमगीन हो गया.

    इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र में अवैध तस्करी और बेलगाम रफ्तार से चलने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीणों के अनुसार, इस विशेष स्थल पर अब तक दर्जनों हादसे हो चुके हैं, जिनमें करीब आधा दर्जन लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

    गोरतलब है कि इस घटना कि सूचना मिलते ही महागामा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों शवों को एंबुलेंस के जरिए रेफरल अस्पताल महागामा भेजा. प्रदर्शनकारी अब क्षेत्र में तेज रफ्तार हाइवा के परिचालन पर पूर्ण रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग पर अड़े हुए हैं.  लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने स्थानीय निवासियों के मन में गहरा डर पैदा कर दिया है.



    Related News