धनबाद के बरवाअड्डा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक और पिकअप की टक्कर में एक की मौत, दो घायल

    Tragic road accident in Dhanbad's Barwada, one killed, two injured in collision between truck and pickup। धनबाद के बरवाअड्डा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक और पिकअप की टक्कर में एक की मौत, दो घायल

     धनबाद(DHANBAD):धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर किया शोरूम के समीप मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.हादसे में एक पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.

    ट्रक और पिकअप की टक्कर में एक की मौत, दो घायल

    जानकारी के अनुसार, सासाराम से मछली अनलोड कर वापस कोलकाता लौट रही बंगाल नंबर की पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े 12 चक्का ट्रक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी.पिकअप वैन में कुल चार लोग सवार थे, जिनमे से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बरवाअड्डा थाना पुलिस को सूचना दी.पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल भेजा गया.अस्पताल में डॉक्टरों ने आमिर नामक एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है.जहां दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

    सासाराम से कोलकाता जाने के दौरान हादसा

    पिकअप चालक ने बताया कि वे लोग सासाराम से मछली उतार कर अपने घर कोलकाता लौट रहे थे.बरवाअड्डा के पास नेशनल हाईवे पर एक 12 चक्का ट्रक खड़ा था, लेकिन उसमें पार्किंग लाइट नहीं जल रही थी. जिस कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया और पिकअप वैन ट्रक के पीछे जा टकराई.चालक ने यह भी बताया कि हादसे के समय पिकअप में चार लोग सवार थे, जिसमे से एक सुरक्षित है, तीन घायल हुए और उनमें से एक की मौत हो गई.

    मामले की जांच में जुटी पुलिस

    हादसे में पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. वाहन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.बरवाअड्डा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है.पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मृतक और घायल सभी कोलकाता के रहने वाले बताए जा रहे है.

    रिपोर्ट-नीरज कुमार



    Related News