गोमो में दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, 30 किमी दूर पारसनाथ में मिला शव

    गोमो में दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, 30 किमी दूर पारसनाथ में मिला शव

    गिरिडीह (GIRIDIH): जिले से एक हृदयविदारक रेल हादसे की खबर सामने आई है. धनबाद के गोमो रेलवे स्टेशन के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि शव के टुकड़े घटनास्थल पर बिखर गए, जबकि शरीर का एक हिस्सा ट्रेन में फंसकर करीब 30 किलोमीटर दूर पारसनाथ स्टेशन तक पहुंच गया.

    जानकारी के अनुसार, यह घटना सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन से जुड़ी है. बताया जा रहा है कि युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही, लेकिन इंजन के अगले हिस्से में शव का हिस्सा फंसा रह गया.

    जब ट्रेन पारसनाथ स्टेशन पहुंची, तो चालक ने असामान्य स्थिति को देखते हुए ट्रेन को रोका. इसके बाद मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और जीआरपीएफ को सौंप दिया गया. इस पूरी प्रक्रिया में करीब 50 मिनट तक ट्रेन पारसनाथ स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे परिचालन भी प्रभावित हुआ.

    घटना की सूचना मिलते ही जीआरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मृतक के कपड़ों से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी.

    पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक कैसे ट्रेन की चपेट में आया. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

    रिपोर्ट : दिनेश रजक



    Related News