जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने के दौरान एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया. तेज करंट लगते वह मालगाड़ी के ऊपर ही गिर गया. शरीर में आग लग है. इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया. घटना से स्टेशन में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही रेल पुलिस और रेलवे कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे. घायल युवक को पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अचानक मालगाड़ी पर चढ़ गया था और किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. कुछ ही पलों में वह करंट की चपेट में आ गया। इस घटना ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को दहशत में डाल दिया. रेल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्रारंभिक जांच युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है. हालांकि, उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और जागरूकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए.
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इससे पहले भी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर इसी तरह की एक दर्दनाक घटना सामने आ चुकी है. 3 अप्रैल 2025 को मानगो उलीडीह रोड नंबर-2 निवासी महेंद्र पात्रा का 16 वर्षीय पुत्र सोनू पात्रा हादसे का शिकार हो गया था. सोनू शाम करीब साढ़े सात बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 के बीच दौड़ते हुए वहां खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ गया. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. यहां बर्न यूनिट में उसका इलाज चल रहा था. हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण 13 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार सोनू ने दम तोड़ दिया था.
अब एक और इसी तरह की घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं.

